वन महोत्सव के तहत जगह-जगह किया पौधरोपण – Vistrit News

वन महोत्सव के तहत जगह-जगह किया पौधरोपण

विकासनगर, आजखबर। वन विभाग की ओर से मनाए जा रहे वन महोत्सव के तहत बुधवार को वन कर्मियों ने ग्रामीणों ने जगह जगह पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इसके साथ ही लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया गया।

बालूवाला में ग्रामीण कुलदीप सिंह ने गांव में चार सौ फलदार और छायादार पौधे वितरित किए। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी ने बता दिया है कि प्रकृति से खिलवाड़ करना भविष्य में मानव जीवन पर भारी पड़ सकता है। पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए जरूरी है कि पेड़, पौधों का संरक्षण किया जाए। चकराता वन प्रभाग कर्मियों ने रिवर रेंज की कालसी बीट में पौधरोपण किया। वन क्षेत्राधिकारी जीएस धमांदा ने ग्रामीणों को जंगलों के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि जंगलों के संरक्षण से ही धरती पर पानी बचेगा। कहा कि मानव सभ्यता के जंगल और पानी की प्रचुर मात्रा महत्वपूर्ण है। जंगलों का संरक्षण करने से ही आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रहेगा। भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र तिपरपुर में पौधरोपण किया गया। डिप्टी रेंजर लायक राम रतवाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकृत नौनिहालों को स्वस्थ जीवन जीने के लिए जरूरी है कि उन्हें शुद्ध वायु मिल सके। शुद्ध वायु के लिए पेड़ पौधों का प्रचुर मात्रा में होना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों को आसपास की खाली पड़ी जमीन पर फलदार और चारापत्ती वाले पौधे रोपने की सलाह दी। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य मधु रानी, वन दरोगा जगदीश बमराड़ा, अवतार सिंह, अरविंद रतवाल, अंकित चौहान, गीता राम, दौलत सिंह, गीता सिंह, अभिलाष, सुभाष, आशू आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *