अल्मोड़ा। जिले के हर थाने और कोतवाली में पुलिस जवानों ने शहीदों की याद में दीप जलाकर उन्हें नमन किया। इस दौरान हर पुलिस कार्यालय दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत पुलिस जवानों ने दीप जलाकर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत जिले के हर थाने, कोतवाली और चौकी में पुलिस जवानों ने बीते शनिवार देर शाम दीप जलाकर शहीदों और स्वतंत्रता के नायकों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। एसएसपी कार्यालय में हुए कार्यक्रम में एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजादी दिलाने में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। वहीं देश की सुरक्षा के लिए कई वीर सैनिकों ने अपनी शहादत दी है। ऐसे में नायकों को देश हमेशा याद करेगा और वे अमर रहेंगे।
इसके अलावा सल्ट, देघाट, धौलछीना, द्वाराहाट, रानीखेत, दन्या सहित सभी थाने, चौकियों में हजारों दीपक जलाए गए और शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया। एसएसपी राजगुरु ने स्वतंत्रता दिवस पर लोगों से अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की है।
नौलाकोट में शहीद की मां को किया सम्मानित
द्वाराहाट। प्राथमिक विद्यालय नौलाकोट में आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष उमा बिष्ट ने ध्वजारोहण कर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। विद्यार्थियों, ग्रामीणों और अन्य लोगों ने शहीद स्मारक पट्टिका पर दीप जलाकर शहीदों को पुष्प अर्पित किए। इस दौरान शहीद जगत सिंह बौरा की माता मोहनी देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश कर समा बांधा। यहां वीपीडीओ आनंद रावत, कार्यक्रम के अध्यक्ष नाधू सिंह बौरा, शिक्षक मनोज कुमार, गणेश नाथ गोस्वामी, विद्यालय के संरक्षक अमरनाथ गोस्वामी, किशन सिंह भंडारी सहित कई लोग मौजूद रहे।
–
शहीदों की याद में रोपे पौधे
द्वाराहाट। जमीनीवार प्राथमिक स्कूल में मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत शहीदों की याद में पौधे रोपे गए। प्रधान प्रकाश राम ने विद्यार्थियों और अन्य लोगों को पंच प्रण की शपथ दिलाई। वहां सरपंच चंदन सिंह, वीपीडीओ आनंद सिंह राणा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आशा देवी, भोजन माता विमला देवी, आशा कार्यकर्ता लीला बिष्ट, महिला मंगल दल अध्यक्ष प्रेमा देवी रहे।