पहले दून में मकान दिलाया फिर उसी घर से चोरी कर लिए 2.60 करोड़ रुपये, शातिर ने ऐसे रचा था खेल – Vistrit News

पहले दून में मकान दिलाया फिर उसी घर से चोरी कर लिए 2.60 करोड़ रुपये, शातिर ने ऐसे रचा था खेल

दिल्ली में प्रॉपर्टी बेचकर देहरादून आई महिला के घर से 2.60 करोड़ रुपये से ज्यादा चोरी हो गए। चोरी को अंजाम महिला को प्रॉपर्टी दिलाने वाले बिचौलिया ने दिया था। उसके पास से 2.60 करोड़ रुपये बरामद कर लिए गए हैं। जबकि, उसका एक साथी फरार है, जिसके पास रुपयों से भरा एक बैग और है। पुलिस ने दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी टीमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए रवाना कर दी हैं।

एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि न्यू डिफेंस कॉलोनी, विश्वनाथ एन्क्लेव रायपुर निवासी मीनू गोयल ने गत 19 अगस्त को अपने घर हुई चोरी के संबंध में शिकायत की थी। इस शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। लेकिन, मीनू ने यह नहीं बताया था कि उनके घर से कितने रुपये चोरी हुए हैं।

aइसके बाद पुलिस ने तीन टीमें गठित की। इनमें से एक ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कीं। दूसरी टीम ने क्षेत्र में सक्रिय पूर्व के चोरों का डाटा खंगाला। जबकि, तीसरी टीम ने मीनू के रिश्तेदारों और संपर्क के लोगों से जानकारी ली। इस बीच पता चला कि मीनू गोयल का परिवार दिल्ली में रहता था। उनके पति की 2011 में मौत हो गई थी। इसके बाद उनके घर में उनकी मां और बेटी थी।

13 करोड़ में बेची थी दिल्ली की संपत्ति
पिछले दिनों वह देहरादून बसने की तैयारी करने लगीं। इसके लिए उन्होंने दिल्ली में अपनी पैतृक संपत्ति को करीब 13 करोड़ रुपये में बेच दिया। इस रकम में से कुछ उनके खाते में आई जबकि बाकी रकम वह देहरादून लेकर आ गईं। यहां उन्होंने प्रॉपर्टी ब्रोकर सन्नी से संपर्क किया। उसने दो करोड़ रुपये में उन्हें डिफेंस कॉलोनी का यह मकान दिलवाया। बाकी रकम अब भी उनके घर पर ही बैगों में भरी रखी हुई थी। सन्नी को इस बात की पूरी जानकारी थी कि उनके घर पर कैश रखा है। 18 अगस्त को मीनू अपने पार्टनर प्रदीप के जन्मदिन की पार्टी में परिवार के साथ एक रेस्टोरेंट में गईं थीं। यहां उन्होंने सन्नी को भी बुलाया था। लेकिन, सन्नी काफी देर बाद वहां पहुंचा। अगले दिन पता चला कि उनके घर से कैश चोरी हो गया।

सीसीटीवी फुटेज में दिखी सफेद कार

इस पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो पता चला कि रात साढ़े आठ बजे उनके घर के पास एक सफेद कार आई थी। यह 15 मिनट बाद वापस गई। पुलिस ने कार के नंबर से पता लगाया कि यह सन्नी की है। इसी आधार पर पुलिस ने सन्नी की निगरानी शुरू कर दी। इस बीच सोमवार को पुलिस को जानकारी मिली कि सन्नी अपने परिचित की कार से कहीं जा रहा है। पुलिस ने उसे वंसुधरा एन्क्लेव से कार समेत पकड़ लिया। कार की तलाशी ली गई तो उसमें 20 लाख रुपये नकद बरामद हुए। सन्नी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने 2.40 करोड़ रुपये से भरे दो बैग शिप्रा एन्क्लेव स्थित एक हॉस्टल से बरामद कराए। सन्नी कंकरखेड़ा मेरठ के तेजपुर फाजलपुर का रहने वाला है। उसका एक साथी धीरज फरार है, जिसके पास एक और रुपयों से भरा बैग है।

मेरठ से बुलाया था धीरज को
सन्नी ने पुलिस को बताया कि मीनू गोयल अपने पैसे निवेश करना चाहती थीं। उन्हें यह मकान दिलाने के बाद वह दूसरी जगहों पर भी संपत्तियां खोज रहा था। इसी बीच उसने रुपयों से भरे ये तीन बैग उनके घर पर देख लिए थे। एक माह पहले उसने ये बैग चोरी करने की योजना बनाई थी। लेकिन, वह सफल नहीं हो पाया। अब घटना से तीन दिन पहले उसने धीरज नाम के युवक को मेरठ से बुलवाया। उसने घर से तीन बैग लिए और एक हल्का वाला बैग धीरज को देकर घंटाघर के पास छोड़ दिया। वह टैंपो में बैठकर आईएसबीटी होते हुए अपने घर चला गया। इसके बाद वह पार्टी में पहुंच गया।

डीवीआर भी ले गए थे घर से
महिला के घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। सन्नी ने धीरज के साथ मिलकर कैश चोरी करने के बाद कैमरों की डीवीआर भी चोरी कर ली। यह डीवीआर भी उसने धीरज को ही दे दी थी। एसएसपी ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *