दो दिन बाद यातायात के लिए खुला दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग, पांच अभी भी बंद

विकासनगर(ब्यूरो)विकासनगर/कालसी/साहिया/चकराता। दो दिन से बंद चल रहे दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग को बुधवार को मलबा हटाकर यातायात के लिए खोल दिया गया। कालसी और जुड्डो के बीच क्वागी पुल व बोसान बैंड पर पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण सोमवार से बंद हाईवे पर बुधवार दोपहर करीब एक बजे वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। वहीं, पहाड़ियों से लगातार मिट्टी, पत्थर और मलबा गिरने के कारण पछवादून और जौनसार-बावर के पांच मोटर मार्ग अब भी बंद रहे। बारिश कम होने से खतरे के निशान तक पहुंची यमुना नदी का जलस्तर भी सामान्य हो गया।

सोमवार को क्वागी पुल और बोसान बैंड पर मलबा आने के बाद दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई थी। लोक निर्माण विभाग ने तत्काल दोनों स्थानों पर जेसीबी लगाकर मलबा हटाने का काम शुरू किया, लेकिन लगातार बारिश और पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण मार्ग खोलने में दिक्कत आती रही। बुधवार को विभाग ने मलबे, पत्थर और मिट्टी को हटाकर करीब दो दिन बाद हाईवे पर यातायात बहाल किया। राष्ट्रीय राजमार्ग लोक निर्माण खंड देहरादून के अवर अभियंता विश्वजीत खत्री ने बताया कि फिलहाल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नियमित रूप से चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *