अल्मोड़ाब्यूरो)-(मौलेखाल ) सल्ट विकासखंड के चिमटाखाल क्षेत्र में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान उफनते गधेरे के साथ आए बड़े बोल्डर, मिट्टी, गारा और मलबे से एनएच-309 पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। मर्चूला-चिमटाखाल के बीच सड़क पर मलबा जमा होने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बस, ट्रक, डंपर, कार और दोपहिया वाहनों समेत सैकड़ों यात्री घंटों जाम में फंसे रहे।
दोपहर करीब ढाई बजे मार्ग बंद होने की सूचना पर आपदा राहत कार्यों में तैनात जेसीबी को गर्जिया से मौके के लिए रवाना किया गया, लेकिन मशीन के पहुंचने में देरी के कारण यात्रियों का इंतजार बढ़ता गया। इस बीच यात्रियों और ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाल लिया। लोगों ने हाथों से मिट्टी, गारा और छोटे मलबे को हटाकर छोटे वाहनों के निकलने लायक रास्ता बनाने का प्रयास किया, लेकिन अधिक मात्रा में मलबा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।