दो सगे नाबालिग भाई गंगनहर में डूबे – Vistrit News

दो सगे नाबालिग भाई गंगनहर में डूबे

हरिद्वार, ब्यूरो। हरिद्वार के कनखल क्षेत्र के सतनाम साक्षी गंगा घाट पर दो सगे नाबालिग भाई गंगनहर में डूब गए। घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे की है, जब बड़े भाई को बचाने के चक्कर में छोटा भाई भी गहरे पानी में उतर गया। देर शाम तक जल पुलिस और गोताखोर दोनों सगे भाइयों की तलाश में जुटी थी।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गुस्साए लोगों ने इस दौरान कुछ देर के लिए प्रेमनगर पुल पर जाम भी लगाया। स्वास्थ्य विभाग में बतौर चालक तैनात मनीष राणा यहां मातृ आंचल संस्था राजा गार्डन जगजीतपुर के पास रह रहे हैं। उनका बड़ा बेटा हर्ष (17) और छोटा बेटा नैतिक (12) मंगलवार को तीन दोस्तों के साथ सतनाम साक्षी गंगा घाट पर नहाने के लिए पहुंचे। साइकिल खड़ी कर दोनों सगे भाई गंगनहर में नहाने लग गए, इसी दौरान बड़ा भाई हर्ष रेलिंग के बाहर निकल गया। रेलिंग के बाहर निकलने के बाद हर्ष तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा, तब उसे बचाने के लिए छोटा भाई नैतिक भी पीछे चला गया लेकिन तेज बहाव की चपेट में आकर दोनों भाई डूब गए। उनके साथ आए दोस्तों ने चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। इस पर लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर कनखल पुलिस मौके पर पहुंची। आननफानन में जल पुलिस के गोताखोरों को बुलाया गया और किशोरों की तलाश शुरू की गई। सूचना मिलने पर परिजन भी तुरंत गंगा घाट पर पहुंच गए। परिजनों का रोरो बुरा हाल था। गोताखोरों ने रॉफ्ट भी मंगवा ली, जिसकी मदद से दोनों भाइयों की तलाश की गई। एसएसआई डीएस रावत ने बताया कि किशोरों की तलाश की जा रही है। जल पुलिस के जवान कुलतार, किशन, नरेंद्र नेगी, अमित पुरोहित, मुकेश परिहार, अतुल सिंह, चिराग अरोड़ा, गौरव शर्मा, प्रवीण शर्मा, सनी कुमार किशोरों की तलाश में जुटे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *