इस वर्ष प्रदेश में अभी तक सामान्य मानसून के बावजूद बारिश की तेज बौछारों ने सड़कों और पुलों को खूब धोया है। हालांकि, मानसून की विदाई में अभी भी 25 दिन का समय शेष है। इस दौरान तीन हजार से अधिक सड़कों को नुकसान पहुंचा, तो 92 पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
अकेले पुलों को ही सुधारने के लिए 12020.41 लाख रुपये चाहिए, जबकि बीते वर्ष अगस्त में यह आंकड़ा बहुत पीछे था। वर्ष 2022 में 1990 सड़कों को नुकसान पहुंचा और मात्र 11 पुल क्षतिग्रस्त हुए थे। इसमें 9,856.73 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया था। इस लिहाज से इस वर्ष अभी तक 44,681.39 लाख रुपये अधिक का नुकसान हो चुका है।इस दौरान ऑल वेदर रोड परियोजना को भारी नुकसान पहुंचा है। अतिवृष्टि से यहां करीब 200 लैंडस्लाइड जोन सक्रिय हैं। इनमें से फिलहाल 155 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। हालांकि, इनमें से 89 भूस्खलन क्षेत्रों के उपचार के लिए केंद्र सरकार की ओर से 971.68 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया गया है।