जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार का आतंक बरकरार है। कई स्थानों पर एक से ज्यादा गुलदार सक्रिय हैं। इस समय जिले के करीब सभी विकासखंडों के गांवों में गुलदारों की सक्रियता सामने आ रही है। लगातार बढ़ रहे गुलदार के आतंक से लोग खौफजदा है।
नगर में ही कई स्थानों पर गुलदार आये दिन सीसीटीवी कैमरे में कैद हो रहा है। स्थिति यह है, कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अंधेरा होते ही घरों पर दुबकने को मजबूर हैं। वहीं, स्कूल जाने वाले बच्चों में भी गुलदार का भय बना रहता है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार बीते तीन सालों में दस लोग गुलदार हमले में अपनी जान गवां चुके हैं, जबकि गुलदार के हमले में 50 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। भतरौंजखान के दपौं गांव में गुलदार ने एक साथ तीन लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। धौलछीना ब्लॉक के गुणादित्य और पाली में गुलदार ने 12 से अधिक मवेशियों को निवाला बना लिया।
इन ब्लॉकों में गुलदार का आतंक
जिले के विकासखंड हवालबाग, द्वाराहाट, सल्ट, ताड़ीखेत, ताकुला, दन्या, भिकियासैंण, चौखुटिया, स्याल्दे, देघाट, लमगड़ा, धौलादेवी, भैंसियाछाना के दर्जनों गांवों में गुलदार का आतंक बना हुआ है। इन इलाकों में दिन दहाड़े गुलदार की धमक से लोगों में खौफ बना हुआ है। महिलाएं मवेशियों के लिये चारा पत्ती लेने के लिये भी एकेले जाने से बच रही हैं।
खत्याड़ी, दुगालखोला में भी दिखा गुलदार
नगर क्षेत्र में भी आये दिन गुलदार की चहल कदमी से लोग भयभीत हैं। नगर के रिहायसी इलाकों में कई बार गुलदार की चहल कदमी सीसीटीवी में कैद हो चुकी है। बीते दिन नगर के कर्नाटक खोला में एक साथ दो गुलदार की चहल कदमी से लोगों में दशहत बनी हुई है। वहीं खत्याड़ी, दुगालखोला, गोलनाकरड़िया समेत अन्य क्षेत्र में भी आये दिन गुलदार की धमक देखी जा रही है।
उडियारी गांव में भी गुलदार का आतंक
हवालबाग विकासखंड के ग्राम पंचायत उडियारी में इन दिनों गुलदार का आतंक बना हुआ है। रविवार को पूर्व दर्जा राज्य मंत्री ने प्रभावित क्षेत्र पहुंच ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों में क्षेत्र में गुलदार के आतंक को लेकर अवगत कराया। इस पर कर्नाटक ने पीसीसीएफ से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र में गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। इस मौके पर जितेंद्र कांडपाल, दीपक पोखरिया, हेम जोशी, भूपेंद्र भोजक, भवान राम, चंदन राय आदि मौजूद रहे।