लावारिस कुत्ते बनकर रहेंगी कैदी, पीएम मोदी के पिथौरागढ़ दौरे से पहले जानिए कब तक मिलेगी सजा – Vistrit News

लावारिस कुत्ते बनकर रहेंगी कैदी, पीएम मोदी के पिथौरागढ़ दौरे से पहले जानिए कब तक मिलेगी सजा

आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले लोगों को तो कैदी बनकर जीवन यापन करते हुए आपने देखा होगा, लेकिन पिथौरागढ़ में पहली बार सड़कों पर लावारिस घूमने वाले कुत्तों को भी कुछ दिन कैदी बनकर रहना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीवीआईपी दौरे को लेकर नगर पालिका ने लावारिस कुत्तों को पकड़कर पिंजरे में कैद रखने का निर्णय लिया है।

इसके अलावा अन्य लावारिस मवेशियों को भी पालिका ने शहर से दूर पहुंचा दिया है। 12अक्तूबर को प्रधानमंत्री मोदी की प्रस्तावित जनसभा को देखते हुए प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं। सरकारी तंत्र सफाई व्यवस्था से लेकर पीएम के स्वागत के लिए सड़कों में डामर कर नया रूप दे रहा है।

वहीं अब लावारिस कुत्तों को बंद करने का काम पालिका ने शुरू किया है। कुत्ते पकड़ने के लिए मैदानी क्षेत्र से टीम बुलाई गई है। कुत्तों को पकड़कर और उन्हें रई स्थित एबीसी सेंटर में रखा जाएगा। पीएम के कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही पालिका इन्हें छोड़ेगी।

21मवेशियों को बड़ाबे पहुंचाया: नगर में लावारिस घूम रहे मवेशियों को पकड़ने के लिए भी पालिका अभियान चला रही है। बीते तीन दिनों में पालिका ने विभिन्न हिस्सों से 21 मवेशियों को पकड़कर बड़ाबे स्थित गोसदन भेजा है। पालिका का यह अभियान अब भी जारी है।

आमजन को भी कुछ दिन मिलेगी राहत: नगर में लावारिस कुत्तों को पकड़े जाने से आमजन भी कुछ दिनों तक राहत की सांस लेंगे। दरअसल यहां लावारिस कुत्तों का आतंक है। जगह-जगह लावारिस कुत्तों का झुंड लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। लावारिस कुत्ते राह चल रहे कई लोगों को काट चुके हैं। इसके अलावा दोपहिया वाहनों की सीट फाड़कर नुकसान भी पहुंचा रहे हैं।

वीवीआईपी दौरे को देखते हुए लावारिस कुत्तों को पकड़कर एबीसी सेंटर में रखा जाएगा। इसके लिए जल्द ही टीम यहां पहुंचेगी। कार्यक्रम के बाद ही लावारिस कुत्तों को छोड़ा जाएगा। सड़क में घूम रहे लावारिस मवेशियों को भी बड़ाबे गोसदन पहुंचाया गया है।
राजदेव जायसी, ईओ पिथौरागढ़।

वीवीआईपी दौरे तक कैदी बनकर रहेंगे
लावारिस कुत्ते वीवीआईपी दौरे तक कैदी बनकर रहेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *