तेजम में 108 एंबुलेंस खराब : मरीजों को निजी वाहन का सहारा

पिथौरागढ़ (ब्यूरो) तेजम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की 108 एंबुलेंस के लगातार खराब रहने से तल्ला जोहार के 50 और बागेश्वर जिले के 14 गांवों की करीब 60 हजार आबादी की स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। पुरानी और खटारा हो चुकी यह एंबुलेंस बीते तीन दिन से रास्ते में खराब पड़ी है जिसके चलते मरीजों और गर्भवती महिलाओं को महंगे निजी वाहन बुक कर अस्पताल पहुंचने की मजबूरी उठानी पड़ रही है। आए दिन रास्ते में धोखा देने वाली इस खटारा गाड़ी से बड़े हादसे का भी अंदेशा बना हुआ है।

तल्ला जोहार संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र धर्मसक्तू और उपाध्यक्ष गजराज सिंह रावत ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि यह आपातकालीन सेवा मरीजों को राहत के बजाय और अधिक दर्द दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही क्षेत्र में नई एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थानीय जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *