पिथौरागढ़: बीआरओ ने किया कमाल, चार दिन में बना दिया 130 फीट लंबा बेली ब्रीज; आदि कैलाश मार्ग पर यातायात बहाल

छह दिन से बंद आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को कुलागाड़ में नया बेली ब्रिज तैयार होने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। इससे सीमांत के 40 गांवों के ग्रामीणों और आदि कैलाश जाने वाले यात्रियों को राहत मिली।

आदि कैलाश यात्रा मार्ग के कुलागाड़ में शुक्रवार देर रात तेज बारिश के कारण बोल्डर और मलबे की चपेट में आने से बीआरओ का 170 फीट लंबा बेली ब्रिज ध्वस्त हो गया था। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल के टूटने से सीमांत के करीब 40 गांवों का संपर्क टूट गया था। छह दिन बाद शुक्रवार को नए बेली ब्रिज से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।

ब्रिज टूटने के दूसरे दिन शनिवार से बीआरओ हीरक परियोजना के कमांडर कर्नल प्रशांत सिंह और 67 आरसीसी ग्रेफ के ओसी चंद्र गुप्त के दिशा-निर्देशन में निर्माण कार्य शुरू किया गया। ओआईसी एई जाहिद अली, जेई अतनु बोस, राम किशोर मीना और जयेश राठौर के नेतृत्व में दो जेसीबी मशीनों और 35 श्रमिकों ने दिन-रात काम किया। रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण कई बार निर्माण कार्य रोकना पड़ा। इसके बावजूद गुरुवार देर रात तक 1.50 करोड़ रुपये की लागत से 130 फीट लंबे बेली ब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *