पौड़ी, ब्यूरो। यूपीएससी (संघ लोक सेवा आयोग) की ओर से आयोजित सीडीएस (कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज) और एनडीए (नेशनल डिफेंस एकेडमी) परीक्षा 12 परीक्षा केंद्रों में संपन्न हुई। पंजीकृत 2,975 अभ्यर्थियों मेें से 1,612 परीक्षा में शामिल हुए। 1,363 अनुपस्थित रहे। इस दौरान जिलाधिकारी पौड़ी डॉ. विजय जोगदंडे ने परीक्षा केेंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
यूपीएससी परीक्षा के लिए श्रीनगर में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। रविवार को 9 परीक्षा केंद्रों (जीआईसी, जीजीआईसी, एनआईटी उत्तराखंड, राजकीय पॉलीटेक्निक, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज श्रीकोट, भगवती मैमोरियल पब्लिक स्कूल घसिया महादेव और सेंट थेरेसास) में एनडीए और 3 परीक्षा केंद्रों (गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर-2 व एसजीआरआर पब्लिक स्कूल) में सीडीएस की परीक्षा संपन्न हुई। सीडीएस परीक्षा तीन पालियों (09-11, 12-02 और 03-05 बजे) और एनडीए की दो पालियों (10-12.30 और 04.30 बजे) आयोजित हुई। एसडीएम अजयवीर सिंह ने बताया कि सीडीएस परीक्षा के लिए 793 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 443 ने परीक्षा दी। एनडीए के लिए पंजीकृत 2,182 अभ्यर्थियों में से 1,169 परीक्षा में सम्मिलित हुए।