कूड़े के ढेर में मृत मिले नवजात को किसने फेंका इसका 48घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने कूड़ेदान के आसपास मौजूद दुकानों में लगे सीसीटीवी तक खंगाल लिए हैं, लेकिन अब तक कोई कामयाबी नहीं मिली है।
रई क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कूड़े के ढेर में मिला नवजात शायद गुमनाम ही दुनिया से विदा हो जाएगा। घटना के दो दिन बाद भी नवजात को फेंकने वालों का खुलासा नहीं हो सका है। नवजात को किसने फेंका, जब फेंका तब वह जीवित था या नहीं, ऐसे कई सवालों से पुलिस उलझी हुई है।
कड़ी मशक्कत के बाद भी पुलिस के लिए इन सवालों का जवाब ढूंढ पाना चुनौती बना हुआ है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। दुकानों से लेकर अस्पतालों में भी पुलिस ने पूछताछ की है, लेकिन कोई पुख्ता जानकारी पुलिस के हाथों नहीं लगी है।