नीलकंठ में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में किया जलाभिषेक – Vistrit News

नीलकंठ में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में किया जलाभिषेक

ऋषिकेश, ब्यूरो। महाशिवरात्रि पर प्राचीन श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर मत्था टेका। महाशिवरात्रि के मौके पर नीलकंठ महादेव मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर अपने खुशहाल जीवन की कामना की।
नीलकंठ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पिछले कुछ दिनों से ही श्रद्धालुओं की आमद शुरू हो गई थी। महाशिवरात्रि पर भोले बाबा के जलाभिषेक के लिए सोमवार रात्रि से ही नीलकंठ मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई थी। मंगलवार की सुबह पूरा नीलकंठ क्षेत्र श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया था। नीलकंठ मंदिर के बाहर पैदल मार्ग पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की एक किलोमीटर से अधिक लंबी कतार लगी रही।प्रातः 4 बजे से दोपहर 12 बजे तक नीलकंठ महादेव मंदिर में एक लाख 250 श्रद्धालु जलाभिषेक कर चुके थे। नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी आमद बढ़ने के कारण नीलकंठ मोटर मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा। यहां नीलकंठ से पीपलकोटी तक करीब सात किलोमीटर लंबे जाम में पूरे दिन वाहन फंसे रहे। पुलिस को भी भीड़ को नियंत्रित करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *