दून में डेंगू हो रहा बेकाबू, अब तक 13 लोगों की मौत; अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ – Vistrit News

दून में डेंगू हो रहा बेकाबू, अब तक 13 लोगों की मौत; अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़

डेंगू का ग्राफ दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। जिससे चिंता बढ़ रही है। शनिवार को दून में 15 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। दून में वर्तमान में डेंगू के 415 सक्रिय मामले हैं। वहीं डेंगू से अभी तक 14 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। सबसे ज्यादा 13 मौत देहरादून में और एक मरीज की मौत नैनीताल जनपद में हुई है।बात अगर जनपदवार करें तो दून डेंगू से सबसे अधिक प्रभावित है। इस सीजन में यहां पर अभी तक डेंगू के 771 मामले रिपोर्ट हो चुके हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक पारा नहीं लुढ़क जाता है तब तक मच्छर की सक्रियता बनी रह सकती है।

अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़

डेंगू के बढ़ते ग्राफ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सरकारी व निजी अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ है। वहीं ब्लड बैंकों में भी खून व प्लेटलेट्स की कमी बरकरार है। मरीजों के तीमारदार प्लेटलेट्स के लिए इधर-उधर चक्कर काटने को मजबूर हैं। यह बात अलग है कि प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ब्लड बैंकों में पर्याप्त मात्रा में प्लेटलेट्स उपलब्ध होने के दावे कर रहा है।

सबसे बड़ी परेशानी उन मरीजों को उठानी पड़ रही हैं जिन्हें जंबो की जरूरत पड़ रही है। देहरादून की तरह हरिद्वार, नैनीताल व ऊधमसिंहनगर जिले में भी डेंगू का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। दून में अब तक 50 हजार से अधिक घरों लार्वा उन्मूलन अभियान देहरादून के शहरी क्षेत्र के 24 हाई रिस्क वार्डों में चलाए जा रहे डेंगू रोकथाम महाअभियान के छठें दिन तक स्वास्थ्य विभाग ने नगर निगम, आइईसीडीएस और डेंगू स्वयंसेवियों के सहयोग से 50 हजार से अधिक घरों में लार्वा उन्मूलन अभियान पूरा कर लिया।

इस दौरान 3826 घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया, जिसे लार्वा नाशक दवा का छिड़काव किया गया। इसके अतिरिक्त सभी घरों में दवा वितरण, फागिंग, लार्वीसाईड दवा का छिड़काव व प्रचार प्रसार का कार्य किया गया। शनिवार को महाअभियान के लिए चिहि्नत 24 वार्डों के 11 हजार से अधिक घरों में आशाओं, आशा फैसिलिटेटर, नगर निगम, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व डेंगू स्वयंसेवियों ने सभी वार्डों में घर-घर जाकर सघन अभियान चलाया। डेंगू लार्वा साइट को चिन्हित व नष्ट किया।

वृहद लार्वा साइट में लार्वा नाशक दवा का छिड़काव किया गया। यह महाअभियान करनपुर, बकरालवाला, चुक्खुवाला, शिवाजी मार्ग, बल्लूपुर, इंदरा नगर, कांवली, पटेलनगर, अजबपुर, धर्मपुर, मेहूंवाला, देहराखास, लक्खीबाग, विद्या विहार, निरंजनपुर, माजरा, रेस्ट कैंप, रेसकोर्स, बंजारावाला, मोथरोवाला, मोहब्बेवाला, चंद्रबनी, आर्केडिया आदि क्षेत्रों में चलाया गया।

महाअभियान के अतिरिक्त जनपद के अन्य क्षेत्रों में दैनिक अभियान संचालित किया गया। जिसमें आशाओं ने 17448 घरों का भ्रमण किया गया। इस दौरान घरों व आसपास 2553 लार्वा साइट को नष्ट किया गया व लार्वा नाशक दवा का छिड़काव किया गया। वहीं डेंगू स्वयंसेवियों ने जनपद में 1255 घरों का भ्रमण करते हुए 1593 लार्वा साइट को नष्ट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *