मसूरी में बारिश का कहर: तीन जगह भूस्खलन, पहाड़ दरकने से घरों को खतरा, 14 लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे

मसूरी में बारिश का कहर: तीन जगह भूस्खलन, पहाड़ दरकने से घरों को खतरा, 14 लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे

मसूरी(ब्यूरो)= मसूरी में शनिवार देर रात से लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मसूरी-दून मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं पानीवाला बैंड के समीप आवासीय भवनों के नीचे पहाड़ दरकने से करीब 14 लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। आवासीय भवनों के साथ ही होटल और रेस्टोरेंट को भी खतरा बना हुआ है।मसूरी-दून मार्ग के किलोमीटर 21, 23 और 24 पर पहाड़ से बोल्डर, मलबा सड़क पर आने से यातायात बाधित रहा और कई बार जाम की स्थिति बनी। पानीवाला बैंड के समीप कुछ दिन पूर्व बनाया गया भारी-भरकम पुश्ता भी धंस गया है। पानीवाला बैंड निवासी दीपक रावत ने बताया कि उनके घर और रेस्टोरेंट के नीचे पहाड़ लगातार दरक रहा है। इससे चार परिवारों के ऊपर खतरा मंडरा रहा है। उनके परिवार के चार सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। कहा बारिश इसी तरह जारी रही तो उन्हें भी घर और रेस्टोरेंट छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ सकता है। नाले का जल्द ट्रीटमेंट नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आसपास के आबादी क्षेत्र और मसूरी-दून मार्ग को भारी नुकसान पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *