कोरियोग्राफर और फैशन सलाहकार प्रसाद बिदापा (Prasad Bidapa) के बेटे एडम बिदापा (Adam Bidapa) को एक फिल्म अभिनेत्री को अश्लील संदेश भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया, ‘एक महिला ने एडम बिदापा के खिलाफ शिकायत की कि वह उन्हें अश्लील संदेश भेजकर परेशान कर रहा है। लिहाजा, बृहस्पतिवार को इंदिरा नगर थाने में एडम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।’
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एडम ने 25 फरवरी की रात को संदेश भेजे थे। उन्होंने यह भी बताया कि अभिनेत्री ने बातचीत का विवरण पुलिस को प्रस्तुत किया, जिसमें एडम पर उनका उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है। अभिनेत्री को दो साल पहले मादक पदार्थों का इस्तेमाल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।