देश के केंद्रीय औषधि प्राधिकरण की एक विशेषज्ञ समिति ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) के कोविड-19 टीके कोवोवैक्स को 12 से 17 साल के बच्चों के लिए इमरजेंसी इस्तेमाल देने की सिफारिश की है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारत के औषधि महानियंत्रक (DCGI) ने 28 दिसंबर को युवाओ में आपात स्थिति में सीमित उपयोग के लिए कोवोवैक्स को स्वीकृति दी थी। इसे अभी देश के टीकाकरण अभियान में शामिल नहीं किया गया है।
एसआईआई में सरकारी और नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने डीसीजीआई को एक आवेदन 21 फरवरी को दिया था और 12 से 17 साल की उम्र के बच्चों के लिए कोवोवैक्स के लिहाज से इमरजेंसी इस्तेमाल की अनुमति मांगी थी। सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की कोविड-19 पर विषय विशेषज्ञ समिति ने शुक्रवार को एसआईआई के आवेदन पर विचार-विमर्श किया और कोवोवैक्स को ईयूए देने की सिफारिश की। डीसीजीआई को मंजूरी के लिए सिफारिश भेजी जाएगी।