यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बोल्डर की चपेट में आई बस, एक तीर्थयात्री की मौत – Vistrit News

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बोल्डर की चपेट में आई बस, एक तीर्थयात्री की मौत

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बुधवार को दर्दनाक हादसा हुआ। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर खराब मौसम के बीच पहाड़ी से पत्थर गिरे। हाईवे पर पत्थर गिरने की वजह से बड़ा हादसा हो गया। राजमार्ग से गुजर रही बस इन पत्थरों की चपेट में आ गई। बस पर बोल्डर गिरने से इसमें बैठे एक यात्री की मौत हो गई।

डाबरकोट के पास 17 तीर्थयात्रियों से भरी बस पर भारी बोल्डर गिरे। बस खाई में गिरने से बाल-बाल बची। कुछ बोल्डर बस की खिड़की तोड़ते हुए अंदर घुसे। इस घटना में हैदराबाद निवासी एक तीर्थयात्री की घटनास्थल पर ही मृत्यु हुई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल युवक को सीएचसी बडकोट में प्राथमिक उपचार दिया गया। जिसे दून मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।

हाईवे पर यात्रा करना जोखिम भरा

डाबरकोट भूस्खलन में बीती 9 जुलाई को बोल्डर की चपेट में आने एक पुलिस जवान की मौत हुई थी। गत मंगलवार को डाबरकोट में भारी भूस्खलन हुआ तथा करीब आठ घंटे तक राजमार्ग अवरुद्ध रहा। बुधवार को दिन भर राजमार्ग के बंद होने और खुलने का सिलसिला जारी रहा। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डाबरकोट भूस्खलन जोन पिछले छह वर्षों से सक्रिय है। यहां लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है।

तीर्थयात्रियों की बस

बुधवार की सुबह यमुनोत्री के जानकी चट्टी से लौट रही तीर्थयात्रियों की बस डाबरकोट पहुंची। भूस्खलन जोन को पार करने के दौरान पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरे। कुछ बोल्डर बस की खिड़की तोड़ते हुए सीधे बस के अंदर घुसे। बस में बैठे तीर्थयात्रियों में चीख पुकार मची। हालांकि बस खाई में भी गिर सकती थी।

एक यात्री की मौत, एक घायल

बोल्डर की चपेट में आने से हैदराबाद की तीर्थयात्री पायल की घटनास्थल पर ही मौत हुई है। जबकि कृष्ण सिंह धबानी निवासी मुंबई घायल हुआ। अन्य तीर्थयात्रियों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बडकोट पहुंचाया। जहां से उसे देहरादून रेफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *