केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार 07 अक्तूबर को देहरादून पहुंच रहे हैं। वह तीन बैठकों में हिस्सा लेंगे। लोकसभाा चुनाव 2024 से पहले भाजपा की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक सूत्रों की बात मानें तो आम चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री शाह भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का गुरु मंत्र भी देंगे।
शनिवार पूर्वाह्न साढ़े नौ बजे केंद्रीय मंत्री शाह देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह नरेंद्रनगर पहुंचेंगे। शाह एक होटल में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे। उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ भी इस बैठक में शामिल होंगे।
जबकि, मप्र के सीएम शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल बैठक में आनलाइन शामिल होंगे। तीनों प्रदेश के अफसर देहरादून पहुंच चुके हैं। इसके बाद शाह एफआरआई में शुरू होने वाली दो दिवसीय 49 वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री शाह शनिवार देर शाम बलवीर रोड स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे।
शाह पार्टी और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की भी बैठक लेंगे। रात साढ़े नौ बजे वे जौलीग्रांट से दिल्ली के लिए वापस रवाना होंगे। वहीं, पार्टी सूत्रों की बात मानें तो भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अभी से कमर कस ली है। चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं सहित कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति बनाकर कार्य करने को कहा जा रहा है।
भाजपा सोशल मीडिया टीम को जीत का का मंत्र देंगे शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को भाजपा सोशल मीडिया और आईटी सेल की टीमों को जीत का मंत्र देंगे। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर वे कार्यकर्ताओं को सक्रिय भी करेंगे। शाह शाम करीब पौने आठ बजे बलवीर रोड स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे।
उनके दौरे के मद्देनजर बलवीर रोड के साथ ही पार्टी दफ्तर को चकाचक कर दिया गया है। वे प्रदेश संगठन पदाधिकारियों के साथ ही प्रदेश सोशल मीडिया, आईटी सेल और सातों मोर्चों के सोशल मीडिया पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। शाह पार्टी पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों के साथ ही सोशल मीडिया टीम के परफोरमेंस का भी आकलन करेंगे।
भाजपाइयों ने योगी का किया स्वागत
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के देहरादून पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। योगी शाम करीब पांच बजे जीटीसी हेलीपेड पर पहुंचे। वहां कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक खजान दास, सविता कपूर, भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल आदि मौजूद रहे। इसके बाद वे बीजापुर स्थित सेफ हाउस पहुंचे। वहां कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और मेयर सुनील उनियाल गाम ने बुके देकर उनका स्वागत किया।