डोईवाला महाविद्यालय जा रही छात्रा को टक्कर मारकर घायल करने वाले बाइक सवार के विरुद्ध पुलिस ने संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज किया है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि जोग्याना अठुरवाला निवासी विक्रम सिंह ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि 12 अक्टूबर को उनकी छोटी बहन रेखा 10:30 बजे घर से डोईवाला महाविद्यालय गयी थी। जिसे सुबह के लगभग 11:45 बजे कालेज के गेट सामने अठुरवाला जीवनवाला चौक के समीप रहने वाले सचिन गुसाई ने तेजी व लापरवाही से बाइक चलाते हुए टक्कर मार दी।
जिससे कि उनकी बहन गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में आईसीयू में भर्ती है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर तेज गति व लापरवाही से वाहन चला कर युवती को घायल करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
अठुरवाला में हाट बाजार से स्कूटी चोरी
अठुरवाला शहीद गेट के समीप हाट बाजार से स्कूटी चोरी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेद्र चौहान ने बताया कि अठुरवाला निवासी साक्षी रावत ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि पांच अक्टूबर को साय 7:45 पर हाट बाजार के समीप उनकी स्कूटी चोरी हो गई।
जिसका काफी खोजबीन के बाद भी कहीं पता नहीं चला है। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।