प्राचीन रामलीला में 25 साल बाद रावण का किरदार नए कलाकार कैलाश भारती अदा करेंगे। दिन लीला प्रबंधक अमित जोशी ने बताया कि अधिकांश पात्रों का अभिनय पुराने कलाकार ही करेंगे। राम की भूमिका निभा रहे मंडी समिति में काम करने वाले संजय रावत ने बताया कि उन्होंने 7-8 साल रामलीला में लक्ष्मण का किरदार निभाया है।
लक्ष्मण का पाठ रामलीला में लगातार दूसरी बार कुनाल पांडे द्वारा खेला जा रहा है। जीतपुर नेगी, देवलचौड़ निवासी कुनाल स्कूल के समय से ही नाटकों में प्रतिभाग करते रहे हैं। भरत की भूमिका 17 वर्षीय मेहुल जोशी निभाएंगे। बताया कि उनके पिता व चाचा ने भी 7-8 साल लीला में राम-लक्ष्मण का अभिनय किया है।
शत्रुघ्न की भूमिका में रामपुर रोड निवासी स्पर्श अग्रवाल होंगे। 16 वर्षीय स्पर्श डीपीएस में कक्षा 11 के छात्र हैं। पिछले दो साल उन्होंने मकरध्वज का पाठ खेला था। आगे भी अभिनय के क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। रावण की भूमिका बेस अस्पताल के सुपरवाइजर कैलाश भारती निभाएंगे।
33 वर्षीय कैलाश ने बताया कि वे बचपन से रामलीला से जुड़े हुए हैं। पिछले साल तक कुंभकर्ण, मेघनाद व खर-दूषण का पाठ खेलते थे। उनके भाई ने भी कई साल तक रामलीला में रावण परिवार का पाठ खेला है।