धर्मशाला/परागपुर। जिले में मंगलवार रात से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जिलेभर में भूस्खलन और मलबा गिरने से 11 सड़कें बंद हो गईं और 26 पेयजल योजनाएं ठप पड़ गईं। इससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं परागपुर में नक्की खड्ड के उफान पर आने से सड़क से निकल रही एक कार तेज बहाव में बहकर पलट गई।लोक निर्माण विभाग की टीम ने नौ सड़कों को बहाल कर दिया है, जबकि दो मार्गों को दुरुस्त करने का काम देर शाम तक जारी रहा। मौसम खराब रहने के कारण हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं और दिल्ली से धर्मशाला आने वाली इंडिगो और स्पाइसजेट की एक-एक उड़ान रद्द रही। बुधवार दोपहर बाद धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिली।